टिफिन टॉप में बर्ड वॉक आयोजित पर्यटन और प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश

नैनीताल। नैनीताल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टिफिन टॉप क्षेत्र में प्रकृति एवं पक्षियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष बर्ड वॉक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्थानीय बर्डवॉचर एवं नेचर गाइड रोहित सिंह बिष्ट ने किया। जिन्होंने क्षेत्र में नेचर-बेस्ड एक्सपीरियंस और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बर्ड वाचिंग ट्रैक का आयोजन किया।बताया की
यह आयोजन अटावी बर्ड फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। अटावी एक राष्ट्रीय स्तर का अभियान है, जिसका उद्देश्य लोगों और स्थानीय समुदायों को प्रकृति से जोड़ना, संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शिक्षा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करना है। संस्था देश के विभिन्न राज्यों में बर्ड एक्सपर्ट्स और नेचुरलिस्ट्स के साथ मिलकर जिम्मेदार बर्डवॉचिंग और सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित कर रही है।
बर्ड वॉक के लिए 15 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 13 लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। सुबह के शांत और प्राकृतिक वातावरण में प्रतिभागियों ने वन पगडंडियों पर भ्रमण करते हुए पक्षियों को उनके प्राकृतिक आवास में देखा और उनके व्यवहार व पहचान के बारे में जानकारी प्राप्त की।
नैनीताल को बर्डवॉचिंग के लिए आदर्श स्थल माना जाता है। यहां के घने बांज, देवदार एवं मिश्रित वन, ऊंचाई की विविधता और समृद्ध जैव विविधता स्थानीय एवं प्रवासी पक्षियों के लिए सुरक्षित आवास प्रदान करती है। ऐसे कार्यक्रम लोगों को जंगल, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बर्ड वॉक के दौरान प्रतिभागियों ने हिमालयन वुडपेकर, चेस्टनट-क्राउनड लाफिंगथ्रश, व्हाइट-थ्रोटेड लाफिंगथ्रश, ब्लैक-थ्रोटेड टिट, यूरेशियन जे, व्हाइट-टेल्ड नटहैच तथा ब्लू व्हिस्लिंग थ्रश सहित कई प्रमुख पक्षियों का अवलोकन किया। इस दौरान प्रतिभागियों को पक्षियों की आवाज पहचानना, दूरबीन के माध्यम से अवलोकन करना और पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।बताया कि इस तरह की पहलें न केवल पर्यटकों को प्रकृति के करीब लाती हैं, बल्कि स्थानीय समुदाय में पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन की भावना को भी मजबूत करती हैं। ऐसे कार्यक्रम नैनीताल में सतत पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।
फोटो








