नन्हें कदमों से गूंजा ऑल सेंट्स कॉलेज परिसर, प्री-प्राइमरी विंग का शुभारंभ

नैनीताल l ऑल सेंट्स कॉलेज में आज दिनांक 2 मार्च को प्री-प्राइमरी विंग का शुभारंभ अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। विद्यालय परिसर नन्हें बच्चों की मधुर किलकारियों से सराबोर रहा। इस विशेष अवसर पर कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने नन्हे विद्यार्थियों का हस्तनिर्मित फूल एवं चॉकलेट भेंट कर स्नेहिल स्वागत किया। वरिष्ठ छात्रों का यह स्नेहपूर्ण प्रयास भविष्य की नई पीढ़ी के प्रति उनके अपनत्व और जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती एंजिना रिचर्ड्स ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।विद्यालय परिसर को आकर्षक चित्रों और शिक्षण-सामग्री से सजाया गया था, जिससे वातावरण अत्यंत आनंदमय और आकर्षक प्रतीत हो रहा था।नन्हे बच्चों के लिए खेल-आधारित शिक्षण गतिविधियों, कहानी-कथन, संगीत और रचनात्मक कार्यों का आयोजन किया गया, ताकि उनका पहला दिन सहज, रोचक और यादगार बन सके। कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने छोटे बच्चों को कक्षाओं तक पहुँचाने में भी सहयोग किया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा का भाव विकसित हुआ।अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम बताया। पूरे आयोजन में उत्साह, स्नेह और नई शुरुआत की आशा स्पष्ट रूप से झलक रही थी।







