वृद्धाश्रम की 78 महिलाओं को मिला निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं देखभाल का लाभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर मदर टेरेसा स्नेहा सदन में स्वास्थ्य एवं आधार शिविर आयोजित

देहरादून, । माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा अध्यक्ष / जिला जज श्री हरीश कुमार गोयल जी, के दिशा निर्देशन में सचिव जिला विधिक सेवा, प्राधिकरण, श्रीमती सीमा डुंगराकोटी द्वारा मदर टेरेसा स्नेहा सदन, नेशविला रोड, देहरादून में सुभारती अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आधार अपडेट शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने शिविर में प्रतिभाग कर वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया तथा वहाँ निवासरत महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

शिविर में 78 महिलाओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सामान्य स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, हड्डियों, नेत्र एवं दंत संबंधी जाँच की तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयाँ उपलब्ध कराई गई। नेत्र परीक्षण के दौरान एक महिला में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई, जिस पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा उसकी निःशुल्क शल्य चिकित्सा एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई।

यह भी पढ़ें 👉  श्री राम सेवक सभा नैनीताल का नौमी के अवसर पर वार्षिकोत्सव का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ

वृद्ध महिलाओं की दैनिक आवश्यकताओं एवं बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वृद्धाश्रम प्रबंधन को वॉकर, छड़ियाँ, बेडशीट, मेडिकल किट एवं इम्यूनिटी बूस्ट किट भेंट की गई। निरीक्षण के दौरान महिलाओं द्वारा बताई गई उपचार संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित प्राविधिक कार्यकर्ताओं को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।

शिविर के अंतर्गत आयोजित आधार कैंप में 15 महिलाओं की आधार केवाईसी अपडेट की गई, जिससे उन्हें आधार संबंधी समस्याओं से राहत मिलने तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

यह भी पढ़ें 👉  पाषाण देवी मंदिर में हुए विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान

इस अवसर पर सचिव ने महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 के संबंध में जानकारी दी।

शिविर में सुभारती अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों सहित प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल, अनीता श्रीवास्तव एवं आनंदी देवी ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। वृद्धाश्रम प्रबंधन ने इस संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी पहल के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सुभारती अस्पताल का आभार व्यक्त किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा इस पहल के माध्यम से वृद्ध महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं, विधिक जागरूकता एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तक पहुँच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।

Advertisement
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad