किसानों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य जिलाधिकारी

नैनीताल l राज्य में डिजिटल कृषि मिशन के तहत एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत किसानों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया जा रहा है। किसानों का रजिस्ट्रेशन एग्रीस्टैक में होने से किसानों को सरकारी योजनाओं, कृषि ऋण, सब्सिडी और बीज/उर्वरक का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से प्राप्त करने के लिए जरूरी है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जनपद में अपेक्षानुसार किसानों का रजिस्ट्रेशन कम होने पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला सहायक निबंधक को निर्देश दिए हैं कि जनपद में किसानों का एग्रीस्टैक योजना के अन्तर्गत अधिक से अधिक किसानों का रजिस्ट्रेशन कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री कार्य मे गति लाने हेतु राजस्व परिषद के निर्देशों के क्रम में सहकारिता, ग्राम विकास एवं पंचायती राज के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वह जनपद में किसानों का एग्रीस्टैक योजना के अन्तर्गत रजिस्टेशन कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बताया एग्रीस्टैक डिजिटल मंच है जिसका उद्देश्य भारत में कृषि को बेहतर बनाने और किसानों के लिए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न हितधारकों को एक साथ लाना आसान बनाना है। एग्री स्टैक का लक्ष्य किसानों को सस्ते ऋण, उच्च गुणवत्ता वाले कृषि इनपुट, स्थानीय और विशिष्ट सलाह और बाजारों तक अधिक जानकारी पूर्ण और सुविधाजनक पहुंच प्रदान करना है।* ़