सोमवार को हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग, डीएसबी परिसर, नैनीताल में बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा मेधावी विद्यार्थी सम्मान योजना कार्यक्रम आयोजित किया गया

नैनीताल l सोमवार को हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग, डीएसबी परिसर, नैनीताल में बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा मेधावी विद्यार्थी सम्मान योजना कार्यक्रम आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा विगत कई वर्षों से स्नातकोत्तर हिंदी में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेधावी विद्यार्थी सम्मान योजना के तहत सम्मानित किया जाता रहा है। सत्र 2024-2025 मेधावी विद्यार्थी सम्मान योजना कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. चन्द्रकला रावत द्वारा की गई। मुख्य अतिथि सुश्री काजल रजक, क्षेत्रीय प्रमुख, राजभाषा विभाग ने मेधावी विद्यार्थी सम्मान योजना के विषय में बताते हुए राजभाषा हिंदी के प्रयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि श्री विशाल, क्षेत्रीय प्रमुख, बैंक ऑफ बड़ौदा ने बैंक ऑफ बड़ौदा में खाते के महत्व व प्रयोग को बताते हुए बैंक की विविध योजनाओं की जानकारी साझा की और बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा आजीवन उनके साथ किस प्रकार सहयोगी बनकर खड़ा रहता आया है, उन्होंने उपस्थित समस्त विद्यार्थियों के साथ पुरस्कृत विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर हिंदी विभाग के शोधार्थी धीरज और देवेंद्र ने राजभाषा हिंदी और हिंदी की भावी संभावनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्ष प्रो. चंद्रकला रावत ने विद्यार्थियों को समय के साथ चलने और तकनीक की जानकारी रखने के साथ-साथ हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में स्नातकोत्तर(हिंदी ) के विद्यार्थियों सुश्री विनीता विश्वकर्मा को प्रथम (ग्यारह हजार) व अर्जुन गौतम को द्वितीय (सात हजार पांच सौ) की धनराशि व बैंक ऑफ बड़ौदा का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि पांडे ने किया। कार्यक्रम के समापन पर सुश्री मेधा नैलवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर डॉ. कंचन आर्या, डॉ. दीक्षा मेहरा, बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार, राकेश कुमार और अन्य सदस्य तथा विभाग शोधार्थियों के साथ-साथ डी. एस. बी. परिसर के अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।