नैनीताल। डीएसए मैदान में खेल प्रतियोगिता को लेकर सोमवार को खेल विभाग की उपनिदेशक रशिका सिद्दीकी ने क्रिकेट प्रतियोगिता कराने को लेकर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि विभाग ने पिच बनवाई और 32 टीमों ने प्रतियोगिता के लिए अपनी इंट्री कराई, प्रतियोगिता शुरू होना था तो कुछ व्यवधान के चलते शुरू नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष की ओर से कहा गया कि पहले पृथ्वीराज प्रतियोगिता होगी लेकिन इस पर भी एसडीएम, विधायक और पालिका अध्यक्ष की ओर से मध्यस्थता के जरिए हल निकाला गया कि यह प्रतियोगिता खेल विभाग, डीएसए और नगर पालिका तीनों संस्थाएं मिलकर कराएंगी। इस पर भी खेल विभाग राजी था और खेल विभाग द्वारा यह भी कहा गया था कि प्रतियोगिता निःशुल्क होगी l खिलाड़ियों को नियमानुसार रिफ्रेशमेंट, पुरस्कार, उपकरण और सर्टिफिकेट सभी खेल विभाग की ओर से दिए जाएंगे। यह सभी एक वार्ता के माध्यम से तय हो गया था लेकिन पालिका और डीएसए की ओर से बाद में इसके लिए मना कर दिया गया l खेल विभाग की साथ मिलकर इसे नहीं कराया जा सकता। खेल विभाग अभी भी साथ मिलकर प्रतियोगिता करने के लिए तैयार है और विभाग की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। विभाग किसी भी विवाद में नहीं पड़ना चाहता है और ना ही मैदान में कब्जा करना चाहता है l प्रतियोगिताएं कराई जाए यही हमारा उद्देश्य है।
डीएसए पूर्व से 4 प्रतियोगिताएं कराता आ रहा है जिसमें ट्रेड्स कप, लैंडो लीग, रामपुर कप और पृथ्वीराज सिंह प्रतियोगिता शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के लिए शासन से खेल विभाग को आदेश हैं कि जब भी ये प्रतियोगिता कराई जाएंगी तो विभाग की ओर से इसमें पूरा सहयोग कराया जाए और हम इसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध भी हैं। उन्होंने कहा कि विभाग जो भी प्रतियोगिताएं कराई जाएगी इसका लाभ नैनीताल के खिलाड़ियों को भी मिल सके। प्रतियोगिता को लेकर कहा कि आगे शासन से हमें जो भी निर्देश मिलेंगे उसके अनुसार जल्द से जल्द प्रतियोगिता कराई जाएगी।










